रानू को 21 हजार रुपये का चेक देते राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के सदस्य।
- फोटो : amarujala
अमर उजाला की मुहिम के बाद पनकी की होनहार बिटिया रानू द्विवेदी को उसकी मार्कशीट मिल गई। कई अन्य लोगों ने पनकी पहुंचकर रानू की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद भी दी। एक इंजीयिरिंग कॉलेज ने उसकी पढ़ाई का जिम्मा लेने का वादा किया है।
कॉलेज ने रानू को बुलाकर फार्म भरने और अन्य औपचारिकताएं कीं। सोशल मीडिया पर और फोन करके तीन सौ से ज्यादा लोगों ने रानू की मदद को हाथ बढ़ाया है। एसीएम पूजा अग्निहोत्री के कहने पर झींझक के स्कूल के प्रिंसिपल ने रानू की रोकी गई मार्कशीट पहुंचा दी। वहीं राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज दीक्षित, उपाध्यक्ष निखिल गौड़ और मनोहर शुक्ला ने रानू के घर जाकर 21 हजार रुपये का चेक सौंपकर मदद की।
कहा कि आगे उसकी पढ़ाई में जो खर्च आएगा समाज के लोग मिल जुलकर उसे उठाएंगे। कानपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के महामंत्री विवेक द्विवेदी ने रानू की पढ़ाई में मदद के तौर पर दस हजार रुपये जाकर दिए। कहा कि आगे जो भी मदद होगी, उसे किया जाएगा। पढ़ाई का पूरा जिम्मा उठाने को वे तैयार हैं।
इंदिरा नगर में उड़ान क्लासेज के निदेशक अजीत शर्मा ने पढ़ाई के लिए मुफ्त कोचिंग देने को कहा। इसके अलावा कई शहरों के लोगों ने फोन कर रानू की मदद की इच्छा जताई। बता दें कि पनकी रेलवे स्टेशन के पास झोपड़ी में रहने वाली रानू ने दीये की रोशनी में पढ़कर हाईस्कूल-इंटर फर्स्ट डिवीजन में पास किया है लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आगे पढ़ाई नहीं कर पा रही। वह अपनी के साथ छप्पर के नीचे अंगीठी पर रोटियां सेंककर बेचती है जिससे घर का गुजारा चलता है।