कानपुर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की घरेलू प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की टीम आठ से 11 नवंबर तक ग्रीनपार्क स्टेडियम में नगालैंड से मैच खेलेगी। नए सीजन में उप्र टीम ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के खिलाफ हुए मुकाबलों में पहली पारी में बढ़त हासिल की थी। हालांकि दोनों मैच ड्रॉ रहे और टीम को तीन-तीन अंक से संतोष करना पड़ा था। ऐसे में यूपी को पहली जीत की तलाश रहेगी।
उप्र टीम नगालैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। ग्रीनपार्क में खेले जाने वाले तीसरे मैच के लिए पिच तैयार करने का कार्य विदर्भ के न्यूट्रल क्यूरेटर दिलीप चौधरी की देखरेख में पूरा हो रहा है। उप्र टीम के मुख्य कोच अरविंद कपूर ने कहा कि अभी तक टीम का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। खिलाड़ियों ने हार-जीत से ऊपर उठकर सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की है। नगालैंड के खिलाफ मुकाबले में टीम पूरी तैयारी के साथ उतरेगी और इस बार लक्ष्य जीत रहेगा।
सूत्रों के मुताबिक यूपी और नगालैंड के बीच मुकाबला पिच नंबर पांच पर खेला जाएगा। इस पिच पर भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच मैच हुआ था। मैच में भारत ने रिकॉर्ड 400 रनों का लक्ष्य सफलता पूर्वक हासिल किया था।