कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में यूपी ने ओडिशा के खिलाफ दूसरे दिन रविवार को पहली पारी में 19 रन की बढ़त बना ली। पहले दिन ओडिशा की टीम 243 रन पर आउट हुई थी। उप्र के सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक (67), कप्तान करन शर्मा (83) और विकेटकीपर बल्लेबाज आराध्य यादव (80) ने अहम योगदान दिया।
करन और आराध्य ने चौथे विकेट के लिए 146 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई जिससे टीम की स्थिति मजबूत हुई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उप्र तीन विकेट के नुकसान पर 262 रन बना चुकी है। अब टीम का लक्ष्य बड़ा स्कोर बनाना रहेगा। इससे पहले रविवार को 17 रन की बढ़त लेकर दूसरे दिन उप्र को ओडिशा के तेज गेंदबाज संबित ने दो महत्वपूर्ण झटके दिए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी (24) और उपकप्तान आर्यन जुयाल बिना खाता खोले ही आउट हो गए। फिर माधव कौशिक भी 67 रन बनाकर पगबाधा हो गए।
इसके बाद कप्तान करन शर्मा और आराध्य यादव ने पारी संभाली और टीम को बढ़त दिलाई। करन शर्मा ने 199 गेंदों में नौ चौकों की मदद से नाबाद 83 रन बनाए जबकि आराध्य यादव ने 151 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्के जड़कर 80 रन बनाए। पहले दिन पिच की मदद से उप्र के तेज गेंदबाज कुनाल और शिवम मावी ने ओडिशा के शुरुआती तीन विकेट लिए जबकि बाकी सात विकेट स्पिनर विप्रराज, प्रशांतवीर और शिवम शर्मा ने चटकाए। दूसरे दिन ओडिशा के तेज गेंदबाज संबित ने कुछ हद तक प्रभाव डाला लेकिन स्पिनर बादल, गोविंद और सुमित विकेट नहीं ले सके।