कानपुर। रणजी ट्रॉफी में तीन मुकाबलों के बाद भी जीत से दूर उत्तर प्रदेश की टीम शनिवार को ग्रीनपार्क में नगालैंड के खिलाफ विजय का लक्ष्य लेकर उतरेगी। यूपी टीम का चौथा मैच आठ से 11 नवंबर तक चलेगा।
अभी यूपी टीम इलीट ग्रुप-ए की अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। नगालैंड तीन मैचों में एक अंक के साथ आठवें स्थान पर है। मैच पिच नंबर सात पर सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगा। विशेषज्ञों के अनुसार यह पिच बल्लेबाजों के लिए काफी बेहतर साबित होगी।
शुक्रवार को अभ्यास सत्र के दौरान दोनों टीमों ने जमकर तैयारी की। यूपी टीम के खिलाड़ियों ने मुख्य कोच अरविंद कपूर और सहायक कोच मो. आमिर की देखरेख में नेट्स पर अभ्यास किया।
बल्लेबाज आर्यन जुयाल, अभिषेक गोस्वामी, आराध्य यादव और माधव कौशिक ने लंबे शॉट्स और रक्षात्मक तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जबकि तेज गेंदबाज शिवम मावी, कुनाल त्यागी और स्पिनर शिवम शर्मा व प्रशांतवीर ने सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी का अभ्यास किया।
दूसरी ओर नगालैंड की टीम ने भी ग्रीनपार्क की परिस्थितियों को समझने के लिए गहन अभ्यास किया। कप्तान जोनार्थन, अनुभवी बल्लेबाज चेतन बिष्ट और मोजुई ने जमकर बल्लेबाजी कर पिच के बाउंस और टर्न को परखा। टीम ने ग्रीनपार्क छात्रावास के गेंदबाजों की मदद से मैच की तैयारी को अंतिम रूप दिया।