अफवाह से इलाके में फैला सन्नाटा
शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने की अफवाह फैलते ही व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और लोग घरों में चले गए। हर समय गुलजार रहने वाली सड़क पर सन्नाटा छा गया और सद्भावना चौकी पर डीसीपी पूर्वी एसके सिंह, एडीसीपी मनोज कुमार पांडेय, एडीसीपी सेंट्रल राजेश कुमार श्रीवास्तव क्विक रेस्पांस टीम (क्यूआरटी) और रिजर्व पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए।
कहीं पर कोई पथराव नहीं हुआ। पुलिस के अधिकारी जुलूस के साथ थे। कहीं पर कोई पथराव नहीं हुआ है। डीजे-साउंड बॉक्स को लेकर मना किया गया था, जिसकी वजह से लोग नाराज थे। लोगों ने अपनी नाराजगी दिखाते हुए पथराव की अफवाह फैलाई है। जुलूस अपने गंतव्य तक पहुंच चुका है। कई दिनों से डीजे से जुड़े हाईकोर्ट के निर्देश सभी को बता दिए गए थे, इसके बाद भी लोग डीजे लेकर निकल रहे थे। रोकने पर अफवाह फैलाई गई है। शोभायात्रा में भारी पुलिस फोर्स के साथ ड्रोन से भी लगातार निगरानी की जा रही थी। - हरीश चंदर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर, कानून व्यवस्था
पनकी में साउंड बॉक्स लदे लोडर पकड़ने पर हंगामा
पनकी में रामनवमी पर बजरंग दल के प्रांत विद्यार्थी प्रमुख नरेश तोमर की अगुवाई में शोभायात्रा निकली। पनकी मंदिर में समापन के दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर लदे हुए चार से पांच लोडर पकड़ लिए जिन्हें पनकी थाने ले जाकर खड़ा कर दिया। विरोध में महंत जितेंद्र दास के साथ कार्यकर्ता मंदिर चौकी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया तो पुलिस ने गाड़ियों को छोड़ दिया। इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ियों में साउंड बॉक्स की संख्या अधिक होने पर एहतियात के तौर पर खड़ा कराया था। सभी को छोड़ दिया गया है।
तलवार लेकर हो रहे थे शामिल, पुलिस ने जमा कराईं
शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे आठ-दस युवक हाथों में तलवारें लिए थे। तलवार देखकर पुलिसकर्मियों ने आपत्ति कर दी। युवकों ने विरोध किया तो पुलिस ने तलवारें जमा करा लीं। इसके बाद ही उन युवकों को शोभायात्रा में शामिल होने दिया गया।
केशवपुरम में पुलिस पर जूता फेंका
आवास विकास में शोभायात्रा के दौरान अराजकतत्व ने पुलिस पर जूता फेंक कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। हालांकि भीड़ के चलते कोई उसे देख नहीं पाया, जिससे कुछ देर तक वहां गहमागहमी रही, लेकिन बाद में यात्रा आगे बढ़ गई।
केशवपुरम में सरकार विरोधी नारे लगाए
केशवपुरम में ब्रह्मदेव चौराहे के पास हिंदू संगठन के सदस्यों ने हंगामा किया। सरकार विरोधी नारे लगाए। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो लोग उलझ गए। इस बीच पुलिस ने विरोध कर रहे दो युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के चलते वहां से गायब हो गए।