Chitrakoot News: धर्मनगरी चित्रकूट में रामनवमी का पावन पर्व शुक्रवार को पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान कामतानाथ और जानकी महल समेत सभी प्रमुख मंदिरों में आस्था की भीड़ उमड़ी।
धर्मनगरी में रामनवमी का पावन पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही भगवान कामतानाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मंदिरों में आयोजित भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। कामतानाथ मंदिर में भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भजन गाए और नृत्य किया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इसी तरह जानकी महल में भी श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया और पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के जयकारे गूंजते रहे। महंत सीताराम जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रमों में भक्तों की भारी भागीदारी रही। पूरे दिन मंदिरों में आस्था, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।