रक्षाबंधन पर बहनों को दें चांदी में चॉकलेट
- फोटो : अमर उजाला
देश की आजादी की वर्षगांठ इस बार रक्षा के धागे के साथ मनाई जाएगी। 15 अगस्त को रक्षाबंधन है। इसके लिए कानपुर में बाजार भी सजकर तैयार है। हर बार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बाजार में कुछ नया आ जाता है। इस बार बाजार की बात करें तो जहां एक तरफ भाइयों के लिए डिजाइनर कस्टमाइज्ड राखियां आईं हैं तो बहनों के लिए स्पेशल चांदी का कैडबरी चॉकलेट कवर।
इसमें रखकर बहनों को चॉकलेट गिफ्ट करें और बहनों की राखी को और खास बनाएं। इसके साथ ही मार्केट में चांदी, सोने और हीरे की राखियां भी आईं हैं, जिसके लिए कुछ ग्राहकों ने स्पेशल ऑर्डर दिए हैं। 56 ग्राम का छोटा चांदी का कवर 3500 में बाजार में छोटी और बड़ी चॉकलेट रखने के लिए डिजाइनर चांदी के कवर आए हैं।
इसके ऊपर कैडबरी डेरी मिल्क लिखा हुआ है और डिजाइन बनी है। ये कवर दो तरह के हैं। छोटा चांदी का कवर 56 ग्राम का है। इसका दाम करीब 3500 रुपये है। वहीं, बड़ा चांदी का कवर 96 ग्राम का है जो करीब 5500 रुपये का है। बिरहाना रोड स्थित ज्वैलरी शोरूम के विवेक गुप्ता ने बताया कि पहली बार इस तरह के कवर मार्केट में आए हैं और लोगों को पसंद भी आ रहे हैं।
सोने-चांदी और हीरे की राखी
सोने-चांदी और हीरे की राखी भी बाजार में आ गईं हैं। बिरहाना रोड स्थित सोने-चांदी की दुकान के चंद्र प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पारंपरिक ओम लिखी या अन्य तरह की डिजाइन की चांदी की राखियां आईं हैं। वहीं ‘प्रेशियस ब्रदर’ (अनमोल भाई), ‘ब्रो’ लिखी चांदी की राखी भी मार्केट में आईं हैं। चांदी की राखी की रेंज 500 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक है। सोने की राखियां भी ग्राहक पसंद कर रहे हैं। हाल ही में एक ग्राहक ने स्पेशल ऑर्डर पर सोने की राखी बनवाई है। सोने व डायमंड की राखियां बजट के हिसाब से तैयार होती हैं। कम से कम आठ हजार रुपये की एक राखी है।
राखियों से सज गया बाजार
कानपुर के सभी मुख्य बाजार जैसे शिवाला, पीरोड, गुमटी, नवीन मार्केट, गोविंदनगर, किदवई नगर बाजार आदि में राखियां सज गई हैं। ग्राहकों की भी भीड़ नजर आ रही है। स्टोन का काम, एडी राखियां, गोटा-पत्ती वाली राखी ट्रेंड में हैं। इस बार कस्टमाइज्ड राखियों की भी डिमांड है, जिसमें भाई के संग बहनें फोटो लगवा रही हैं या फिर उनका नाम लिखवा रहीं हैं। इन सभी राखियों के दाम 50 रुपये से शुरू हैं।