राज श्रीवास्तव, अन्नू अवस्थी, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी
- फोटो : अमर उजाला
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर लोगों को जागरूक करने निकले हास्य अभिनेता और उप्र फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव ने मसवानपुर की जनता को अपने तरीके से समझाया। उन्होंने कहा कि देश का जो भी नागरिक है, उसको सीएए से कोई खतरा नहीं है लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो देश की खाते है और बजाते दूसरे की हैं।
ऐसे लोग जहां भी मिल जाएं, बोरा ओढ़ा के शुरू हो जाओ। शनिवार को शिवकुमारी बालिका इंटर कॉलेज के पास स्थित मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जैसे ही राजू श्रीवास्तव पहुंचे लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस पर वे बोले कनपुरिया लोग पूरी दुनिया में मशहूर हैं। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की भारत विरोधी हरकतों की वजह से उन्होंने पाकिस्तान में शो करने से मना कर दिया।
इस शो के लिए उन्हें लाखों रुपये मिल रहे थे। हास्य अभिनेता ने अपने खास चुटीले अंदाज से लोगों को खूब हंसाया। इससे पहले मंच पर आए टीवी कलाकार अन्नू अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भारत के हित में कोई फैसला लेते हैं, तो पाकिस्तान को बिना वजह चिनगा लग जाता है।
भाजपा प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता ने कहा कि इस समय जनगणना चल रही है, यदि कोई भी जानकारी गलत दी जाएगी, तो उसे वर्ष 2010 की जनगणना के अनुसार जो सुविधाएं मिल रही थीं, वह बंद हो सकती हैं। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र मैथानी व वीर अब्दुल हमीद के पुत्र भी मौजूद थे।