हाईवे किनारे पड़े कूड़े को फैलाते मवेशी।
- फोटो : संवाद
रनियां। नगर में सफाई कर्मी एक शिफ्ट में काम कर रहे हैं। जबकि वेतन दोनों शिफ्ट का ले रहे हैं। इसके चलते हाईवे से लेकर गलियों तक गंदगी का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय लोगों ने नियमित सफाई कराए जाने की मांग की है।
रनियां नगर पंचायत में कुल 48 सफाई कर्मी तैनात हैं। प्रत्येक वार्ड को स्वच्छ रखने के लिए तीन-तीन सफाई कर्मी तैनात हैं। इसके बावजूद भी गलियों और हाईवे किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। रनियां पड़ाव के पास एक वनस्पति फैक्टरी के सामने नाले के ऊपर काफी मात्रा में कूड़ा जमा है। उसी कूड़े के ढेर को मवेशी सड़क तक फैलाते हुए दिखे। इसी तरह रनियां बाजार रोड में कई स्थानों में कूड़ा लगा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कर्मी सुबह के समय सफाई करने आते हैं मगर शाम को सफाई नहीं की जा रही है। इससे नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। कुछ लोगों का कहना है कि कुछ जगहों पर तो फोटो खींचने के लिए सिर्फ झाड़ू पकड़ी जाती है। केशव नगर वार्ड में महीनों तक सफाई नहीं होती है। इससे लोग परेशान हैं। ईओ मनीष राय ने बताया कि जिन स्थानों पर झाडू नहीं लग रही है। वहां साफ-सफाई करने के लिए सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया है।