कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर
टिकट के लिए दिल्ली की दौड़ लगाने के बाद मायूस बैठे कई कांग्रेेसियों में उस समय जोश आ गया जब अचानक उनके पास पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर का फोन आया। प्रदेश अध्यक्ष ने 30 जनवरी की देर रात फोन करके कानपुर के राजाराम पाल, प्रमोद जायसवाल और नीतम सचान से कहा कि नामांकन के कागज तैयार कर लो, सुबह खुशखबरी मिलने वाली है।
31 को सुबह तीनों के पास फिर सूचना आई कि वे कचहरी पहुंचकर अपना नामांकन करा लें।बताया जा रहा है कि इन सभी को कुछ दिन पहले ही संकेत मिल गए थे, इसी वजह से उन्होंने पहले ही नामांकन फॉर्म मंगवा लिए थे। इतना ही नहीं देर रात व्हाट्सएप के जरिए अपने समर्थकों को भी इस बाबत सूचना दे दी गई और कहा गया कि वे सुबह नामांकन के जुलूस में पहुंचें। कुछ समर्थकों को तब पता चला, जब उनके नेता नामांकन स्थल पर पहुंच गए थे।
कांग्रेस देहात इकाई अध्यक्ष नीतम सचान ने बताया कि उनके पास रात में प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर का फोन आया था कि अपने कागजात तैयार कर लो, सुबह तुम्हें खुशखबरी मिलेगी। रात भर उन्होंने अपने कागज पूरे किए और समर्थकों को भी सूचित किया। राजाराम पाल ने बताया कि प्रदेश इकाई से सूचना दी गई थी कि आपको सिंबल दिया जा रहा है।