फोटो-01-सहकारी समिति के खाद रखे गोदाम में घुसा बारिश का पानी। संवाद
खखरेरू (फतेहपुर)। साधन सहकारी समिति पौली के गोदाम में बारिश का पानी भर जाने से बड़ी संख्या में खाद की बोरियां भीग गईं। इससे डीएपी और यूरिया की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
समिति परिसर में जलभराव के कारण गोदाम में रखी 70 बोरी डीएपी और 110 बोरी यूरिया में नीचे रखी बोरियां पानी में भीग गईं। वहीं सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।
साधन सहकारी समिति पौली के सामने स्थित मैदान में हल्की बारिश में भी जलभराव की समस्या बनी रहती है। बृहस्पतिवार को हुई तेज बारिश के बाद समिति परिसर में पानी भर गया। पानी ओवरफ्लो होकर गोदाम तक पहुंच गया। इससे वहां रखी खाद की बोरियां पानी में डूब गईं।
समिति सचिव मानसिंह ने बताया कि जलभराव रोकने के लिए मैदान में मिट्टी डलवाकर पानी की निकासी का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद बारिश का पानी गोदाम में भर गया। इससे डीएपी और यूरिया की नीचे रखी बोरियां भीग गई हैं।
फोटो-01-सहकारी समिति के खाद रखे गोदाम में घुसा बारिश का पानी। संवाद