कानपुर देहात/रूरा। तेज हवा संग हुई बारिश से मंगलवार दोपहर मुख्य लाइन ब्रेक डाउन हो गई। रूरा समेत पांच उपकेंद्र ठप हो गए। करीब दो घंटे बाद अकबरपुर व मैथा उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। इधर, रायपुर, रूरा व बनीपारा उपकेंद्र छह घंटे ठप रहे। शाम को जलापूर्ति बाधित होने से पेयजल किल्लत रही।
जैनपुर 132 केवी ग्रिड उपकेंद्र से रूरा, अकबरपुर, मैथा, रायपुर उपकेंद्र जुड़े हैं। वहीं कटका उपकेंद्र से बनीपारा उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति होती है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे हवा संग बारिश होने से फाल्ट हुए तो उपकेंद्रों की 33 केवी लाइन ब्रेक डाउन हो गई। बारिश हल्की होने पर फाल्ट दुरुस्त कर अकबरपुर व मैथा उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति दोपहर तीन बजे बहाल कर दी गई।
इधर, रूरा, बनीपारा व रायपुर उपकेंद्र की लाइनों में आए फाल्ट दुरुस्त नहीं हो सके। रूरा उपकेंद्र से जुड़े नगर व 84 गांवों के करीब 20 हजार कनेक्शन प्रभावित हुए। चार कोल्ड स्टोरेज की भी बिजली गुल रही। उपकरण ठप रहे। घंटों बिजली नहीं आयी तो इन्वर्टर दगा दे गए। टंकी से जलापूर्ति नहीं हो सकी तो करीब दो हजार घरों के लोगों को पेयजल किल्लत हुई। इसी प्रकार बनीपारा उपकेंद्र की मुख्य लाइन में इंसुलेटर पंचर होने से दोपहर में गुल हुई बिजली शाम छह बजे तक बहाल नहीं हो सकी। करीब 40 गांवों में लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ा।
एसडीओ रूरा ब्रजेंद्र कुमार ने बताया कि जैनपुर ग्रिड उपकेंद्र से रूरा उपकेंद्र की मुख्य लाइन करीब 30 किमी लंबी है। खेत व नहर पटरी से होकर यह लाइन बनी है। बारिश में पेड़ों की डालें तारों पर आने से फाल्ट होते हैं। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। रायपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति शाम 6 बजे बहाल हुई। जैनपुर ग्रिड उपकेंद्र के एसडीओ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि तेज हवा संग बारिश दौरान उपकेंद्रों की 33 केवी लाइनों में ब्रेकडाउन हुए थे। देर शाम तक सभी उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।
......................
मेडिकल कॉलेज में साढ़े पांच घंटे गुल रही बिजली
मेन लाइन में फाल्ट होने से मेडिकल कॉलेज स्वतंत्र फीडर की बिजली दोपहर करीब एक बजे गुल हो गई। जैनपुर उपकेेंद्र के बिजली कर्मियों ने पेट्रोलिंग शुरू की, मगर कई घंटे बाद भी फाल्ट दुरुस्त नहीं किया जा सका। इधर घंटों बिजली गुल रहने पर जनरेटर चलाकर वैकल्पिक तौर पर मेडिकल कॉलेज की बिजली आपूर्ति बहाल की गई। एसडीओ जैनपुर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फाल्ट दुरुस्त कर शाम साढ़े छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।