कानपुर। जिले के 53 केंद्रों पर 25 से 27 अप्रैल तक होमगार्ड भर्ती परीक्षा होगी। इनमें एक दिन में करीब 40 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। जनपद के बाहर से भी परीक्षार्थियों के आने से तीन दिन तक रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी की अग्निपरीक्षा होगी। इसे देखते हुए अधिकारियों ने विशेष तैयारियां की हैं। परीक्षा दिन में दो पाली में होगी।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन के डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को आरपीएफ, जीआरपी और चेकिंग स्टाफ की बैठक बुलाई है। परीक्षा के लिए करीब सात हजार परीक्षार्थी प्रयागराज और बाकी उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली व झांसी की तरफ से आएंगे। इनके लिए दोनों छोर पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएगा। पांच स्पेशल रैक भी रिजर्व में रखी जाएंगी ताकि जिस रूट के परीक्षार्थी बढ़ें वहां इन्हें चलाया जा सके। उधर आरपीएफ और जीआरपी ने क्यूआरटी गठित कर 12 टीमों को सक्रिय किया है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने बताया कि क्यूआरटी शुक्रवार आधी रात से सक्रिय होकर 28 अप्रैल तक मुस्तैद रहेंगी। रात में प्लेटफार्मों पर भी टीम रहेंगी। सीसीटीवी रूम में 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी।
परीक्षा के लिए परिवहन निगम ने भी तैयारी की है। क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि 25 से 27 अप्रैल तक सात सौ बसें रूट पर रहेंगी। सभी डिपो के एआरएम को पत्र लिखकर कहा गया है कि रिजर्व में भी बसें रखें। भीड़ बढ़े तो तुरंत सूचना दें बसें रवाना की जाएंगी। घंटाघर, झकरकटी से सुबह छह बजे से परीक्षार्थियों को लाने-ले जाने के लिए सिटी के साथ 12 ई-बसें भी लगाई जाएंगी। घंटाघर से दक्षिण शहर के लिए अधिक बसें जाएंगी। बस अड्डों पर अधिकारियों, कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
रेलवे - 139
आरपीएफ - 9794837346
जीआरपी-9454404416