बकेवर। रेलवे कर्मी की पत्नी का शव मंगलवार शाम घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में जमीन पर पड़ा मिला। कमरे में रस्सी का फंदा भी बना मिला। वहीं गर्दन पर रस्सी के निशान भी मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। मायके वालों ने ससुरालियों पर पीटने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौके से ससुरालीजन भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
लवेदी थाना क्षेत्र के गांव ईकरी निवासी अंकित त्रिपाठी रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। वह वर्तमान में गुजरात के बड़ोदरा में तैनात है। दीपावली पर वह छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। मंगलवार देर शाम निधि (20) की मौत की पुलिस को सूचना मिली। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच की। पुलिस को शव जमीन पर पड़ा मिला। कमरे में रस्सी का एक फंदा भी मिला है। सभी ससुराली मौके से भाग गए। सूचना पर निधि का भाई शिवम शर्मा, पिता ब्रजनंदन शर्मा अन्य मायके वालों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां भाई शिवम ने पति, ससुर पर मारपीट का आरोप लगाया। साथ ही बहन को जहर देकर मारने और फिर फंदे पर लटकाकर आत्महत्या दिखाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी यहां पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष लवेदी प्रीति सेंगर ने बताया प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मायके वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।