लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर उन्नाव जिले में करोवन और जैतीपुर रेलवे क्रासिंग वाहनों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हो गई। यात्रियों को लेट लतीफी से जूझना पड़ा। आरपीएफ ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जैतीपुर रेलवे क्रासिंग वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। शताब्दी एक्सप्रेस का सिग्नल होने पर गेटमैन क्रासिंग बंद कर रहा था। क्रासिंग बंद न होने पर गेटमैन के हाथ पाव फूल गए। स्टेशन मास्टर को सूचना देने के साथ ही क्रासिंग पर लोहे की जंजीर लगाकर शताब्दी को गुजारा। इसके बाद उत्सर्ग एक्सप्रेस, एलकेएम, चित्रकूट जबलपुर, फैजाबाद इंटरसिटी व मालगाड़ी को तीस किमी. प्रतिघंटे के कॉशन पर चलाया गया।
शाम करीब साढ़े तीन बजे ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से करोवन क्रासिंग का गेटबूम क्षतिग्रस्त हो गया। गेटमैन ने राहगीरों की मदद से चालक को पकड़ लिया। आरपीएफ ने ट्रैक्टर ट्राली समेत चालक जलालुद्दीन निवासी करोवन को हिरासत में लिया। आरपीएफ एसआई हरिप्रताप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली के साथ ही चालक को हिरासत में लिया गया है। वहीं जैतीपुर क्रासिंग को क्षतिग्रस्त करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।