कानपुर के केडीए स्थित एचडीएफसी काउंटर से करीब दो हजार लोगों को पीएम आवास योजना के पुराने फॉर्म (आवेदन पुस्तिका) बेच दिए गए। गुरुवार को पुराने फार्म बदलकर नए फॉर्म लेने पहुंचे लोगों को टरका दिया गया। काउंटर पर दो टूक कहा गया कि पुन: 160 रुपये देने पर नया फॉर्म दिया जाएगा। इससे गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए पुन: शुल्क देकर नया आवेदन फॉर्म खरीदा।
केडीए ने डेढ़ महीने पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महावीर नगर विस्तार योजना, रामगंगा इन्कलेव-शताब्दी नगर योजना, सकरापुर योजना और भागीरथी - जान्हवी योजना में ईडब्लूएस आवास देने के लिए आवेदन मांगे थे। एक हफ्ते पहले इन योजनाओं की लाटरी भी पड़ गई। इसके बाद केडीए ने जवाहरपुरम सेक्टर-1, मछरिया, सनिगवां, कुलगांव, बिनगवां और उचटी में प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन मांगे। आवेदन फॉर्म केडीए स्थित एचडीएफसी काउंटर से बेचे जा रहे हैं।
काउंटर के नए फॉर्म देने के साथ ही अपने आशियाने का सपना देख रहे करीब 2000 लोगों को पुराने आवेदन फॉर्म भी 160 रुपये में बेच दिए। 30 जनवरी को कई लोगों ने इसका विरोध करते हुए बैंक काउंटर और केडीए में वित्त अधिकारी के दफ्तर के बाहर हंगामा किया था। गुरुवार को सैकड़ों लोग पुराने फॉर्म वापस करने बैंक काउंटर पहुंचे, पर इन्हें वापस नहीं लिया गया।