सेंट्रल स्टेशन के सभी 10 प्लेटफार्मों पर शुक्रवार को ट्रेनों का संचालन नियमित तरीके से हुआ। दो महीने बाद अचानक प्लेटफार्म बदलने से यात्रियों के बीच मचने वाली अफरा-तफरी नहीं रही। प्लेटफार्म नंबर 10 पर पहले की तरह बांदा-झांसी रूट की ट्रेनें और प्लेटफार्म नंबर तीन पर बदली गईं 13 ट्रेनों को ठहराव हुआ। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली।
प्लेटफार्म नंबर 10 के एक सप्ताह पहले चालू होने के बाद प्लेटफार्म नंबर तीन भी गुरुवार शाम को पूरी तरह से चालू हो गया। इन दोनों प्लेटफार्मों पर करीब दो महीने से मरम्मत का काम चल रहा था। शुक्रवार को जोगबनी सुपरफास्ट, महाबोधी, गोमती, कालका, मूरी आदि ट्रेनें अपने निर्धारित प्लेटफार्मों पर आईं।
अभी तक इन ट्रेनों का अचानक प्लेटफार्म बदलने का एलान होता था तो यात्रियों में एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाने के लिए भगदड़ मचती थी। इससे वे घायल भी हो जाते थे। लंबी दूरी की सुपरफास्ट और प्रीमियम ट्रेनों के प्लेटफार्र्मों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ। तीन नंबर प्लेटफार्म पर लिया गया 42 दिनों का ब्लाक गुरुवार को खत्म हो गया।