पेट्रोल पंपों पर छापे, जांच करती क्राइम ब्रांच और बाट-माप विभाग
चिप से पेट्रोल और डीजल की चोरी करने के शक में कानपुर के चार पेट्रोल पंपों पर क्राइम ब्रांच और बाट-माप विभाग ने ताबड़तोड़ छापे मारे। इससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस परमठ के पैरागॉन पेट्रोल पंप पर जैसे ही पुलिस और बाट-माप विभाग की टीमें पहुंचीं तो कर्मचारी काम छोड़ भागने लगे। मौके से सभी ग्राहकों को लौटा दिया गया है। एक-एक मशीन की जांच की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी नीरज कुमार के मुताबिक शासन के निर्देश पर पेट्रोल पंपों पर छापे मारे जा रहे हैं। अभी तक दो पेट्रोल पंपों की जांच पूरी हुई है लेकिन कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। शहर के अलावा हाईवे पर ग्रामीण इलाकों बने पेट्रोलपंपों की जांच भी की जा रही है। अगर चिप या रिमोट से चोरी पकड़ी गई तो लाइसेंस निरस्त होने के साथ-साथ दोषी पेट्रोलपंप संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।