कानपुर। अनवरगंज पुलिस ने मुंबई की प्रतिष्ठित कंपनी के नाम से बेल्ट, बक्कल व टैग बनाने वाली कंपनी का खुलासा करते हुए एक फर्म मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए हैं।
गोंडा के फिरोजपुर काली खुटवा निवासी शत्रुध्न प्रसाद द्विवेदी मुंबई की नेत्रिका कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड ऑफीसर के पद पर तैनात हैं। उनकी कंपनी लिवाइस, सीके, टाॅमी हिलफिगर कंपनी के लिए बेल्ट व बल्कल बनाती है।
शत्रुध्न ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से बांसमंडी स्थित बेबीज कंपाउंड स्थित लेदर फैक्टरी में नकली माल तैयार कर बाजार में बेचे जाने की जानकारी मिल रही थी। उन्होंने मामले की जानकारी अनवरगंज पुलिस को दी।
थानाप्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस की टीम बेबीज कंपाउंड स्थित सुपर लेदर वर्क्स और एमएफ इंटरनेशनल नाम की फैक्टरी पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद सिविल लाइंस के गोल्डन पैलेस निवासी रेहान अली को दबोच लिया। पुलिस ने जब फैक्टरी की तलाशी ली तो वहां तीनों कंपनी के डाई व माल बरामद हुआ।