कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में 30 सितंबर से शुरू होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए रविवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में पैरा क्रिकेटर राधिका प्रसाद की चर्चा सभी की जुबान पर रही। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया-ए टीम के बल्लेबाजों को नेट्स पर अभ्यास के दौरान काफी परेशान किया।
भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर राधिका की गेंदबाजी के आगे ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज कूपर कोनोली, हैरी डिक्सन, जैक एडवर्ड्स, जैक फ्रेजर-मैकगर्क और मैकेंजी हार्वे कई बार बीट हुए। अयोध्या के रहने वाले राधिका पिछले महीने कानपुर में हुई दिव्यांग यूपी टी-20 लीग में उन्होंने काशी रुद्राक्ष के कप्तान बने थे। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के राहुल सिंह ने बताया कि राधिका ने 69 मैचों की 67 पारियों में 79 विकेट चटकाए हैं। वह तीन बार एक पारी में 10 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं। सोमवार को राधिका भारत-ए टीम के अभ्यास सत्र में अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरेंगे।