यूपी विधानसभा चुनाव की आचार संहिता की आहट से केडीए, पीडब्लूडी, आवास विकास परिषद ने प्रस्तावित और नए विकास कार्यों के कामों में तेजी दिखानी शुरू कर दी है। फटाफट टेंडर जारी किए जा रहे हैं।
अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव की डेट घोषित होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है। माना जा रहा है कि चुनाव की घोषणा दिसंबर में कर दी जाएगी।
आचार संहिता लगते ही पहले से जारी विकास कार्य तो चलते रहते हैं, लेकिन नए कामों को मंजूरी नहीं मिल पाएगी। ऐसे में केडीए अगले सप्ताह कई नए कामों के टेंडर जारी कर सकता है।
मंगलवार को केडीए में अफसरों के बीच कई फाइलें दौड़ती रहीं। वहीं पीडब्लूडी और आवास विकास परिषद को इसी सप्ताह शहर में प्रस्तावित कई सड़कों और पुल निर्माण को मंजूरी मिल सकती है।