फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व मंत्री के स्कूल में समय से पहले खुला प्रश्न पत्र का बंडल, मजिस्ट्रेट के उड़े होश

Fri, 22 Feb 2019 09:17 PM IST
प्रशांत कुमार क्राइम डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
डेमो पिक
विज्ञापन
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में पूर्व मंत्री के विद्यालय में शुक्रवार परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पूर्व इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान प्रश्नपत्र का बंडल खोल दिया गया। यह देखकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने विरोध किया तो उनका अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक से विवाद हो गया। जिला विद्यालय निरीक्षक, एसडीएम व अन्य अफसरों ने विद्यालय पहुंचकर अपनी देखरेख में केंद्र व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बदलकर परीक्षा कराई। डीएम के आदेश पर केंद्र व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को जिला विद्यालय निरीक्षक ने मेरापुर थाने में तहरीर भेजी है।
विज्ञापन


पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव के प्रबंधन वाला राजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज है। यह यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार शाम की पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान विषय की  परीक्षा थी। इस केंद्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट वन रेंजर राजकुमार अपनी देखरेख में प्रश्नपत्रों का बंडल खुलवाने कमरे में गए तो उनको प्रश्नपत्रों का बंडल खुला हुआ मिला।

इसका विरोध करने पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक अजय कुमार सक्सेना का स्टेटिक मजिस्ट्रेट से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने डीएम मोनिका रानी को प्रकरण की जानकारी दी। डीएम ने एसडीएम रमेश चंद्र यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू व अन्य सचल दलों को परीक्षा केंद्र पर भेजा। सचलदलों ने केंद्र पर बैठकर परीक्षा कराई। शाम को पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी गई।
विज्ञापन


जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक राजीव कुमार और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक अजय कुमार सक्सेना को हटा दिया गया है। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को मेरापुर थाने में तहरीर भेजी है। कॉलेज को ब्लैक लिस्टेड किए जाने की परिषद को रिपोर्ट भेजी गई है। मेरापुर प्रभारी एसओ दिनेश चंद्र यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें