कानपुर। बर्रा-दो स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन में सोमवार से अंतर पब्लिक स्कूल जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई। पूर्णचंद्र गुप्ता स्मारक ट्रस्ट के तत्वावधान में हो रही प्रतियोगिता में शहर के 17 स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन प्रिंसिपल राकेश उपाध्याय ने किया।
पहले मुकाबले में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने एलेन हाउस (खलासी लाइन) को 4-0 से हराया। इसमें अयान सक्सेना ने हैट्रिक समेत चार गोल किए। दूसरे मैच में एलेन हाउस (पनकी) ने एचएस गुरुकुलम को 5-0 से शिकस्त दी। वंश ने तीन और कुशाग्र ने एक गोल किया। तीसरे मुकाबले में एलेन हाउस (रूमा) और सीएचएस स्कूल के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा।
भारी बारिश के कारण मैच का फैसला टाईब्रेकर से हुआ जिसमें एलेन हाउस (रूमा) ने 2-1 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। चौथा मुकाबला ऑक्सफोर्ड स्कूल और डीपीएस बर्रा के बीच मैदान में पानी भरने के कारण नहीं हो सका। यह मैच मंगलवार सुबह 8:15 बजे खेला जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता में मंगलवार को पांच मुकाबले खेले जाएंगे।
इनमें जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल बनाम डॉ. वीरेंद्र स्वरूप (किदवई नगर), जयपुरिया स्कूल बनाम मंटोरा स्कूल, श्रीराम स्कूल (पनकी) बनाम सर पदमपत सिंहानिया स्कूल, केडीएमए बनाम मदर टेरेसा स्कूल के मुकाबले प्रमुख हैं। प्रतियोगिता का फाइनल 31 अगस्त को खेला जाएगा।