कानपुर। लुधियाना में नशीली दवाइयों की सप्लाई करने वाले गोविंदनगर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक शिवम गौतम को पंजाब पुलिस मंगलवार को गिरफ्तार कर ले गई। वहीं, खेप पहुंचाने वाला सरगना डिप्टी पड़ाव निवासी हसन सिद्दीकी भाग गया। दोनों के खिलाफ लुधियाना में रिपोर्ट दर्ज है।
मंगलवार को लुधियाना पुलिस की टीम गोविंदनगर थाने पहुंची। क्षेत्रीय पुलिस को साथ लेकर उद्योग नगर इलाके के कच्ची बस्ती इलाके में दबिश देकर शिवम गौतम को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले गए। पंजाब के मोहाली एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) के डीएसपी हरपाल सिंह ने बताया कि 18 अगस्त को लुधियाना से 18 हजार रुपये की प्रतिबंधित दवाए पकड़ी गई थीं। इस मामले में परमेश कुमार नामक आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। छानबीन में सामने आया कि बरामद दवाइयां अहमदाबाद की एक कंपनी से कानपुर के गुजैनी स्थित गौतम फार्मा मेडिकल स्टोर के नाम पर मंगाई गई थीं। छापेमारी के दौरान औषधि निरीक्षक रेखा सचान की मौजूदगी में जब बिल मांगे गए तो शिवम गौतम कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने कबूला कि डिप्टी पड़ाव निवासी हसन उसके पते पर दवाइयां मंगवाकर लखीमपुर खीरी के रास्ते पंजाब भेजता था। डीएसपी हरपाल सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी हसन की गिरफ्तारी के बाद ही इस नशा तस्करी रैकेट की पूरी परतें खुल सकेंगी। फिलहाल उसकी तलाश जारी है। इंस्पेक्टर गाेविंदनगर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को पंजाब पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले गए।