कानपुर देहात। जिला महिला चिकित्सालय में रविवार को डीएम ने पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत की। सबीना के बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाई और घर-घर पहुंचकर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कपिल सिंह, सीएमओ डॉ. जय गोविंद ने फीता काटकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान मौजूद माताओं, अभिभावकों और परिजनों से जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो एक अत्यंत गंभीर एवं संक्रामक बीमारी है। इससे बच्चों में स्थायी शारीरिक विकलांगता उत्पन्न हो सकती है, जिससे उनका पूरा जीवन प्रभावित होता है। समय पर पोलियो की खुराक दिए जाने से इस बीमारी से प्रभावी और शत-प्रतिशत बचाव संभव है। इस अभियान में जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक चरण में पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
सीएमओ को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य टीमें घर-घर पहुंचकर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करें। बताया कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीएमओ ने कहा जनपद में अभियान के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित की गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पोलियो बूथों के साथ-साथ विशेष मोबाइल और स्वास्थ्य टीमों द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। सीएमएस महिला चिकित्सालय डॉ. वंदना सिंह, एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा, डिप्टी सीएमओ व एमओआईसी डॉ. आईएच खान सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
..................
नौ बूथों पर पिलाई गई पोलियो खुराक
अमरौधा। ब्लॉक में पल्स पोलियो अभियान के लिए बनाए गए नौ बूथों पर रविवार को पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। पीएचसी प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बूथों का निरीक्षण किया। बताया कि रुरगांव, शाहजहांपुर में चलाए जा रहे अभियान का जायजा लिया गया। साथ ही बूथ पर आने वाली माताओं, अभिभावकों व परिजनों को जागरूक किया गया। वहीं, रसूलाबाद में बिलहा प्राथमिक विद्यालय, संविलियन विद्यालय करियावर,कहिंजरी, असालतगंज, तिश्ती व सीएचसी रसूलाबाद में बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई गई। (संवाद)