वसूली की शिकायत पर बंद कराया गया गुप्तार घाट का लोकवाणी केंद्र चलते मिलने के मामले में एडीएम फाइनेंस शत्रुघ्न सिंह ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार को लोकवाणी केंद्र संचालक को आईडी देने वाले जन सुविधा केंद्र को निलंबित कर दिया है। वहीं, लोकवाणी केंद्र चलाने वाले संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का फैसला लिया गया है।
वसूली की शिकायतों पर जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने पीके इंटरप्राइजेज फर्म का लोकवाणी केंद्र बंद करा दिया था। 20 अप्रैल को अमर उजाला टीम को यह केंद्र चलता मिला था।
इस केंद्र पर हजारों तहसील प्रमाणपत्र रखे थे। एक लड़का कंप्यूटर पर फार्म अपलोड कर रहा था। बगल में केंद्र संचालक प्रदीप भी बैठा था।
शाम को जब इस मामले पर वर्जन लेने के लिए एडीएम फाइनेंस को फोन किया गया तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर केंद्र सील करा दिया था।
अब जांच में खुलासा हुआ है कि प्रदीप ने रुद्र प्रकाश के जन सुविधा केंद्र की आईडी ले रखी थी। उसी के सहारे बंद लोकवाणी केंद्र को चला रहा था। एडीएम फाइनेंस ने रुद्र प्रकाश का जन सुविधा केंद्र निलंबित कर दिया है। अब प्रदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।