कब्जेदारों को अल्टीमेटम देने गई पुलिस से महिलाएं भिड़ीं
कानपुर सिविल लाइंस में अस्पताल घाट स्थित एल्गिन मिल-एक लोअर कंपाउंड खाली करने का अल्टीमेटम देने गए पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को विरोध का सामना करना पड़ा। वैकल्पिक आवास देने की मांग कर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। अफसरों के सामने मां-बेटी ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
आक्रोशित लोगों ने वीआईपी रोड जाम कर नारेबाजी की। उधर से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का काफिला गुजरा तो महिलाओं का हंगामा देख रुक गया। इस पर पुलिस ने लाठियां पटक कर भीड़ को खदेड़ा और रास्ता साफ कराया। इसके बाद काफिला निकल गया। इस दौरान महिलाओं की अफसरों से नोकझोंक भी हुई।