आईआईटी कानपुर के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर प्रोफेसर आशुतोष शर्मा को लीडरशिप और शोध के लिए अमेरिका में मानद उपाधि दी जाएगी। अमेरिका के बड़े विश्वविद्यालयों में शुमार स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क, बफैलो ने प्रो. शर्मा को इस वर्ष के मानद उपाधि से सम्मानित करने का फैसला लिया है।
प्रो. शर्मा वर्तमान में केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (डीएसटी) के सचिव भी हैं। प्रो. शर्मा के लीडरशिप में ही देशभर में विज्ञान और तकनीक की शिक्षा, शोध को बढ़ावा दिया जा रहा है। अमेरिकन यूनिवर्सिटी ने प्रो. शर्मा द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की है। हालांकि उपाधि देने की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
प्रो. आशुतोष शर्मा ने आईआईटी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई 1982 में पूरी की। इसके बाद अमेरिका से केमिकल इंजीनियरिंग में एमएस और स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क से पीएचडी पूरी की। उनकी इस उपलब्धि पर आईआईटी के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर, उप निदेशक प्रो. मणिंद्र अग्रवाल ने खुशी जाहिर की है।