कानपुर। एक साल से हैंडओवर का इंतजार कर रहे चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर में रविवार को हलचल दिखाई दी। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। निरीक्षण करने के साथ ही हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू कर दी। यह तेजी रविवार को अमर उजाला माई सिटी में खबर प्रकाशित होने के बाद आई है।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कन्वेंशन सेंटर के संचालन के लिए मेसर्स श्री बाला जी इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एमओयू किया है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने साफ-सफाई के साथ ही कुछ और चीजों को दुरुस्त करने को कहा है। इस दौरान कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड से जुड़े आरके तिवारी, राहुल सब्बरवाल, एमएचपीएल डायरेक्टर प्रणव अग्रवाल, समन्वयक उपासना शुक्ला, बालाजी कंपनी के संजय दुबे, चाणक्य गुप्ता आदि लोग रहे।
यहां क्राफ्टरूट्स कंपनी 23 अक्तूबर से प्रदर्शनी लगाने की तैयारी कर रही है। बिना हैंडओवर के प्रदर्शनी लगने पर सवाल उठ रहे हैं। इसी के चलते अधिकारी जल्द से जल्द हैंडओवर की तैयारी में लगे हैं।
कन्वेंशन सेंटर में 23 से 27 अक्तूबर तक क्राफ्टरूट्स प्रदर्शनी लगाने का प्रचार सोशल मीडिया पर किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में 22 से अधिक राज्यों के 100 से ज्यादा कारीगर 100 से अधिक पारंपरिक और हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। पारंपरिक वस्त्र, हथकरघा, होम डेकोरेशन, कारीगरों के बनाए गए आभूषण आदि के स्टॉल लगेंगे। प्रदर्शनी सुबह दस से रात नौ बजे तक चलेगी।
कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने चुन्नीगंज स्थित नगर निगम की जमीन पर करीब 96 करोड़ रुपये से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया है। निर्माण पिछले साल पूरा हो गया था। सेंटर अभी तक हैंडओवर नहीं हुआ है।
नगर आयुक्त और महापौर के बीच पिछली कार्यकारिणी में कई मामलों में विवाद देखा गया। घर-घर कूड़ा उठान के टेंडर, कन्वेंशन सेंटर के टेंडर को लेकर तनातनी चल रही है। नगर आयुक्त का कहना है कि निजी कंपनी के साथ समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं और कन्वेंशन सेंटर के हैंडओवर की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। अब 24 अक्तूबर को फिर कार्यकारिणी की बैठक होनी है जिसमें इन मुद्दों को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है।
वर्जन
कंपनी के लोगों के साथ कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया है। वहां कुछ कमियां हैं जिन्हें जल्द दूर कर हैंडओवर कर दिया जाएगा। - आरके तिवारी, नोडल अफसर, कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड