फर्रुखाबाद में मां और सौतेले पिता की हत्या के मामले में फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे उन्नाव जिले के कैदी ने रविवार की सुबह परिसर में पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी और कोतवाल मौके पर पहुंचे, तब शव को उतारा गया।
पुलिस ने मानसिक बीमारी के चलते आत्महत्या करने की बात बताई है। उन्नाव के असोहा क्षेत्र स्थित अनवरपुर गांव के राधेश्याम यादव (62) को मां और सौतेले पिता की हत्या में दोषी पाए जाने पर उम्रकैद की सजा 11 जनवरी 2005 को सुनाई गई थी। 14 जनवरी 2019 को राधेश्याम को उन्नाव से फतेहगढ़ की सेंट्रल जेल भेज दिया गया था।