कन्नौज। पंचायत चुनाव में माहौल खराब न हो, इसके लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। इस बार प्रिंटिंग प्रेस संचालकों की भी निगरानी की जाएगी। आपत्तिजनक प्रचार सामग्री के प्रकाशन पर प्रत्याशी के साथ-साथ उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
पिछले पंचायत चुनाव में दो प्रत्याशियों ने भड़काऊ पोस्टर छपवा कर गांव में लगवा दिए थे। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इससे इस बार पुलिस जिले में सभी 45 प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को नोटिस भेजेगी। इसमें हिदायत दी जाएगी कि वह किसी भी प्रत्याशी व अन्य के कहने पर आपत्तिजनक पोस्टर, स्टीकर, बैनर या कार्ड प्रकाशित नहीं करेंगे। ऐसा करने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रचार सामग्री प्रकाशन कराने वाले व्यक्ति का नाम और पता भी दर्ज करना होगा। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि आपत्तिजनक पोस्टर प्रकाशित कराने वाले, प्र्रकाशित करने वाले और लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
मतपत्र के रंग का रखना होगा विशेष ख्याल
मतपत्र के आकार और उसके रंग को लेकर भी प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को हिदायत दी गई है। मतपत्र के रंग और उसके आकार के नमूने प्रकाशित नहीं किए जाएंगे। ऐसे करने पर भी कार्रवाई होगी।
रोहली, नरमऊ मतदान केंद्र में खराब मिले हैंडपंप
पंचायत चुनाव के मद्देनजर बुधवार को थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल की टीम ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान रोहली और नरमऊ स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र में हैंडपंप खराब मिले। थाना प्रभारी ने बताया कि सलेमपुर और रसूलाबाद बूथों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इस श्रेणी में ताहपुर, माधौनगर, बिरौली, बमरौली, आसमपुर पट्टी, सकरवारा, कुशलपुर्वा समेत सात शामिल हैं। अतरौली, असेह, किशनपुर, भवानीसराय, तिसौली, भीकमपुर सहनी, जरामऊ अलमापुर, बेहटा, नरमऊ दस बूथ संवेदनशील हैं।