कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह रोड स्थित एसबीआई शाखा में बुधवार को दोपहर रुपए जमा करने आए एक व्यापारी राजू राजपूत का नोटों से भरा बैग से चोरी करते समय 14 वर्षीय लड़के को लोगों ने पकड़ लिया। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बैंक कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी लड़के को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
लाइनपार क्षेत्र के विजयनगर निवासी राजू राजपूत दोपहर बैंक में रुपए जमा करने के लिए ईदगाह रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की यूनो शाखा में गए थे। उन्होंने रुपयों से भरा बैंक काउंटर पर खडे़ होकर नीचे रख दिया।
इसी बीच नाबालिग लड़का उनके पास पहुंचा और बैग में रखे रुपयों का बंडल चुराने लगा। यह पूरा घटनाक्रम बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। साथ ही बैंक में मौजूद अन्य लोगों की नजर लड़के की हरकत पर पड़ गई।
उन लोगों ने लड़के को दबोच लिया। बैंक के शाखा प्रबंधक सौरभ जायसवाल ने बताया कि ग्राहक के बैग से रुपए चुराते हुए आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। कोतवाली प्रभारी बचन सिंह सिरोही ने बताया कि आरोपी लड़के से पूछताछ की जा रही है।