प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने तीसरे या चौथे सप्ताह कानपुर आ सकते हैं। पीएमओ ने जिला प्रशासन से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी करने को कहा है। प्रधानमंत्री पनकी पॉवर प्लांट समेत कई विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। जिला प्रशासन ने निराला नगर पराग डेयरी रेलवे ग्राउंड को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए उपयुक्त माना है। जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत, एसएसपी अनंत देव और एडीएम सिटी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने तीन ग्राउंडों का निरीक्षण किया।
पनकी स्थित पुराने पॉवर प्लांट परिसर में ही 660 मेगावाट के पॉवर प्लांट की स्थापना होनी है। पॉवर प्लांट का काम इस समय चल रहा है। प्रधानमंत्री पॉवर प्लांट की आधारशिला रख सकते हैं। बिठूर को मंधना के पास कानपुर-फर्रुखाबाद रेलमार्ग से जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पण कराकर बिठूर तक रेलमार्ग चालू कराया जा सकता है। पनका में ट्रीटमेंट प्लांट, बिल्हौर में सोलर प्लांट और कानपुर से अलीगढ़ तक जीटी रोड को फोरलेन बनाने के काम का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री से कराया जाएगा।