शताब्दी नगर, पनकी में प्रस्तावित रामगंगा कालोनी में प्रधानमंत्री और सबके लिए आवास योजना के फ्लैट बनाए जाएंगे। केडीए ने कालोनी में 1968 फ्लैटों को बनाने की तैयारी की है। योजना के डिमांड सर्वे में अंतिम रूप से करीब 1200 आवेदन पात्र मिले हैं। केडीए ने आवेदकों से पंजीकरण राशि मांगी है। यह राशि जमा होने के बाद आवेदकों की स्थिति साफ होगी। रामगंगा कालोनी के बचे सभी फ्लैट नई योजना में शामिल किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री और सबके लिए आवास योजना के अंतर्गत विकास प्राधिकरणों को कम से कम 250 सस्ते फ्लैटों का प्रोजेक्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेजना है। नई योजना के अंतर्गत सूडा की ओर से डिमांड सर्वे जारी है। 9 सितंबर को सर्वे पूरा होने के बाद शहर में योजना के अंतर्गत बनाए जाने वाले फ्लैटों की संख्या की जानकारी होगी। केडीए अधिकारियों का मानना है कि रामगंगा के डिमांड सर्वे में शामिल सभी आवेदक पंजीकरण राशि जमा कर दें तो भी करीब 768 फ्लैट बचेंगे। केडीए की योजना इन फ्लैटों को 250 फ्लैटों के प्रोजेक्ट में शामिल करने की है। हालांकि दोनों ही सूरतों में शहरवासियों को सस्ते फ्लैटों का फायदा मिलेगा।
समाजवादी आवास योजना में आवेदन जारी
पनकी स्थित शताब्दी नगर, जवाहरपुरम सेक्टर-6 और 13 में समाजवादी योजना के निर्माणाधीन 3800 फ्लैटों के लिए आवेदन जारी हैं। योजना के टू बीएचके फ्लैटों की कीमत 22.70 लाख और 25.20 लाख रुपये है। 67 वर्गमीटर कवर्ड एरिया वाले यह फ्लैट पांच मंजिला टावर में बनाए जाएंगे। इसमें लिफ्ट भी लगी होगी। 9 सितंबर तक योजना में आवेदन होंगे।