हरदोई के संडीला विकास खंड में बीईओ के निरीक्षण में ठेके पर संचालित मिले परिषदीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक को बीएसए ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस प्रकरण में जांच बैठा दी है।
संडीला के खंड शिक्षा अधिकारी मनोज पटेल ने बीएसए को भेजी गई आख्या में बताया था कि गुरुवार को उन्होंने प्राथमिक विद्यालय गढ़ी का निरीक्षण किया। जिसमें प्रधानाध्यापक मसूद हसन उस्मानी तो गैरहाजिर मिले।
निरीक्षण के दौरान सुमन नाम की एक बाहरी महिला विद्यालय संचालित करती मिली। महिला ने बताया कि मास्टर साहब ने उन्हें स्कूल की देखभाल करने के लिए रखा है। वह उन्हें 1000 रुपये प्रति माह देते हैं, समय-समय पर अन्य खर्चे भी देते हैं।
बीएसए हेमंत राव ने बताया कि बीईओ की आख्या पहुंचने के बाद उन्होंने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया व जांच बैठाई है। उन्होंने बताया कि पुष्टि होने पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा सकती है।