राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को कानपुर के दो ऐसे शिक्षण संस्थानों के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए जिनमें वह स्वयं भी छात्र रहे हैं। डीएवी डिग्री कॉलेज से राष्ट्रपति ने कामर्स और लॉ की पढ़ाई की थी जबकि बीएनएसडी इंटर कॉलेज चुन्नीगंज से उन्होंने छठवीं से इंटर तक की शिक्षा ग्रहण की थी।
डीएवी कॉलेज के समारोह में उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में तेजी से हो रहे परिवर्तन के प्रति सजग रहने की जरूरत है। आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी का है। शिक्षण संस्थानों और छात्रों को इस दिशा में आगे बढ़कर सोचना और कार्य करना होगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि समाज और समय जितनी तेजी से बदल रहा है, उतना ही दबाव भी पड़ रहा है। ऐसे में अपने व्यवसाय और समाज के बीच सामंजस्य बनाकर चलने की जरूरत है। पुलवामा हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए वे काफी गमगीन हो गए।