अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम जेपी सिंह। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिस क्षेत्र में एक भी व्यक्ति ने वैक्सीनेशन नहीं कराया है वहां पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान आदि को लगाकर डाटा तैयार करें। जिससे शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कराया जाए। यह निर्देश डीएम ने सीडीओ व डीडीओ को दिए।
बुधवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद में चल रही कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में समीक्षा बैठक का आयोजन कलक्ट्रेट कार्यालय में किया गया। डीएम ने कहा कि अधिकारी हर रोज 15 हजार लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करें।
एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा ने गोल्डन कार्ड अभियान के तहत प्रदेश में जनपद की रैकिंग 8वें स्थान पर होने की जानकारी दी। बताया कि जिले में प्राइवेट अस्पतालों व पैथालॉजी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। खामियां मिलने पर संबंधित को नोटिस भी दी जा रही है।
डीएम ने निर्देशित किया कि जो प्राइवेट अस्पताल व पैथालॉजी केंद्र लापरवाही कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। वहीं सरकारी योजनाओं में वीएलई के कोई सहयोग न मिलने की शिकायत पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जिला दिव्यांगजन अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि कुल 18945 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जाने है। इनमें से 1142 लंबित है।
सहायक श्रमायुक्त अवधेश वर्मा ने बताया कि अब तक 27762 श्रमिकों के कार्ड बन गए हैं। इसका लक्ष्य करीब 10 लाख है। वहीं कलक्ट्रेट मेें बैठक करते हुए डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के बारे में जानकारी ली।
डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी वर्मा ने बताया कि जनपद में 18 अक्तूबर से 17 नवंबर तक अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्ययोजना समय से उपलब्ध कराकर अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि डब्लूएचओ की रिपोर्ट में बताया गया है पिछले अभियान में शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों को दवा खिलाने व जानकारी देने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हाउस टू हाउस सर्वे सही प्रकार से नहीं हुए हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।