कानपुर। ग्वालटोली पुलिस लैंबोर्गिनी कार हादसे में किरकिरी कराने के बाद जल्द से जल्द चार्जशीट लगाने की तैयार में है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, टेक्निकल रिपोर्ट, सोशल मीडिया में चल रहे वीडियो और गवाहों के बयानों को एकत्रित किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक 10 दिन में चार्जशीट लगाई जा सकती है। शुक्रवार को कुछ लोगों के बयान लिए गए हैं।
आठ फरवरी की दोपहर वीआईपी रोड पर लैंबोर्गिनी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। चमनगंज के तौफीक की बुलेट क्षतिग्रस्त हुई थी। पैर में चोट आई थी। विशाल त्रिपाठी, सोनू और एक अन्य युवक भी घायल हुआ था। हादसा भैरोघाट चौराहे के नजदीक हुआ था। कार तंबाकू कारोबारी शिवम मिश्रा की थी। ग्वालटोली पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की लेकिन हाईप्रोफाइल मामला होने के चलते बाद में शिवम मिश्रा का नाम जोड़ा। उसे बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी को अवैधानिक बताया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक इस मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी। कार का तकनीकी मुआयना भी जल्द कराया जाएगा।