राष्ट्रपति के गांव में जबरदस्त जश्न का माहौल
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख में उत्साह का माहौल है। गांव के कुछ लोगों ने सार्वजनिक स्थलों पर टीवी व जनरेटर की व्यवस्था की है। खुशी मनाने के लिए बैंडबाजा व आतिशबाजी भी खूब हो रही है।
राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद के गांव परौंख को पहली बड़ी सौगात मिली है। कानपुर देहात में उनके गांव के परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट क्लासेस लगेंगी। कंप्यूटरीकृत कक्षाओं के संचालन के लिए विद्यालय में सोलर पैनल लगाया जाएगा। इसके लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से गांव के स्कूलों का विवरण मांगा है। जल्द ही इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
‘लल्ला’ के नाम से ग्रामीणों के दिलों में बसने वाले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का राजतिलक होते हुए देखने की ललक सभी के दिल में है। गांव के विजयपाल सिंह ने बताया कि इसके लिये गांव में बनी मंडी समिति के टीन शेड के नीचे एक टीवी व जनरेटर लगाया गया जहां उनके सहपाठी सहित ग्रामीणों ने समारोह को लाइव देखा। समारोह देखते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पड़ोसी और रिश्तेदार खूब जमकर नाचे। पुरुषों की तरह परौंख गांव में महिलाओं में भी समारोह को लेकर काफी उत्साह दिख रहा है। महिलाओं ने गांव के मंदिर में मंगलगीत का कार्यक्रम रखा और सबको जलेबियां बाटीं।