कानपुर देहात। जनपद में अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन में सीडीओ विधान जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। प्रवेश परीक्षा आठ मार्च को अकबरपुर गर्ल्स इंटर कॉलेज में होगी।
सीडीओ ने बताया कि कक्षा 6 और 9 में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के लिए यह परीक्षा है। कुल 447 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कक्षा 6 के 252 और कक्षा 9 के 195 आवेदन है। परीक्षण के बाद 172 अभ्यर्थी पात्र पाए गए। इनमें कक्षा 6 के 113 और कक्षा 9 के 59 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। कक्षा 6 की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। कक्षा 9 की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को 40 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। कहा कि जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व तक प्रवेश पत्र प्राप्त न हों, उनके लिए परीक्षा केंद्र के बाहर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। बैठक में शत-प्रतिशत प्रवेश पत्र वितरण, परीक्षार्थियों के बैठने की रेंडम व्यवस्था, कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी रेंडम आधार पर लगाए जाए। बिना आई कार्ड किसी भी अधिकारी/कर्मचारी के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी से निगरानी करने, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित लाने-ले जाने एवं वितरण तथा परीक्षा उपरांत संग्रहण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सहायक श्रम आयुक्त राम आशीष को पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र देने और अपात्रों को सूचित करने को कहा गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्र पर शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। बैठक में सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।