लॉकडाउन के कारण पंजाब के लुधियाना में फंसे पति से मोबाइल फोन पर झगड़ने के बाद अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम काशीपुर मवई निवासी गर्भवती पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। काशीपुर मवई निवासी राकेश लुधियाना में मजदूरी करता है।
लॉकडाउन के कारण वह घर नहीं आ पाया। राकेश का विवाह चार वर्ष पूर्व संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सोहिलामऊ निवासी रिंकी उर्फ गुड़िया (23) के साथ हुआ था। शनिवार सुबह गुड़िया का शव घर में साड़ी से बनाए गए फंदे पर लटकता मिला।
सूचना पर मृतका के पिता राजाराम भी गांव पहुंच गए। मृतका के ससुर प्रभु ने बताया कि शुक्रवार रात गुड़िया और राकेश के बीच फोन पर किसी बात पर विवाद हो गया था। इसके बाद गुड़िया सोने चली गई। शनिवार सुबह उसका शव फांसी पर लटकता मिला।
गुड़िया पांच माह की गर्भवती थी। सूचना पर अतरौली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मृतका के मायके पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।