कानपुर। अधिकतम और न्यूनतम पारे में अंतर कम होने के कारण बुधवार को प्री मानसून ने दस्तक दे दिया। शहर में पांच मिलीमीटर बारिश हुई। नगर के आस-पास के क्षेत्रों में भी कहीं फुहार तो कहीं जोरदार बौछार पड़ी।
इससे पारा नीचे आ गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। माह के तीसरे या चौथे सप्ताह में मानसून दस्तक देगा। 21 और 22 जून को भी अच्छी बारिश की उम्मीद है।
बुधवार दोपहर दो बजे के आसपास बादल छाए और बारिश होने लगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि बुधवार को अधिकतम पारा 38.4 डिग्री और न्यूनतम पारा 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह सामान्य के आसपास है। वातावरण की नमी भी सामान्य है। सुबह की नमी 59 फीसदी और दोपहर की नमी 78 फीसदी रिकार्ड की गई है। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम पारा 41 और न्यूनतम पारा 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
इसके बीच भी 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर था। सामान्यतया अधिकतम और न्यूनतम पारा के बीच 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर होना चाहिए। पारे के उतार-चढ़ाव के कारण ही वायुदाब बनने और क्षेत्रीय चक्रवात (आंधी-तूफान) आने की गुंजाइश है। यह बारिश आम और सब्जियों की फसलों के लिए अच्छी है।