उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में शहर के मेधावियों का दबदबा है। पंडित रघुनाथ प्रसाद मिश्र इंटर कॉलेज, यशोदा नगर की इंटरमीडिएट की छात्रा प्रगति सिंह ने 96.6 फीसदी मार्क्स हासिल यूपी में तीसरी रैंक हासिल की है।
वह पांच स्टूडेंट के साथ यूपी की तीसरी संयुक्त टॉपर हैं। वहीं, कानपुर नगर की भी सिटी टॉपर हैं। शिवाजी इंटर कॉलेज की श्वेता वर्मा और ओंकारेश्वर इंटर कॉलेज के अखंड प्रताप सिंह 96.4 फीसदी मार्क्स हासिल करके संयुक्त रूप से सिटी के सेकेंड टॉपर बने हैं।
वहीं, हाईस्कूल में महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज उमरी के रोहन पटेल 94.6 फीसदी मार्क्स लाकर सिटी टॉपर बने हैं। पटेल सरस्वती इंटर कॉलेज गांधी ग्राम के आदित्य सिंह ने 94.1 फीसदी मार्क्स के साथ सेकेंड पोजिशन हासिल की है। शहर का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट रिजल्ट बेहतर आया है।
इंटरमीडिएट में 93.45 फीसदी स्टूडेंट उत्तीर्ण हुए हैं सात फीसदी से कम स्टूडेंट फेल हुए हैं। इस बार कानपुर नगर को 19वीं रैंक मिली है। हालांकि हाईस्कूल के रिजल्ट में कानपुर नगर पिछड़ गया है। इसमें शहर के 85.42 फीसदी स्टूडेंट पास हुए हैं। हाईस्कूल के रिजल्ट में कानपुर नगर की यूपी रैंक 25वीं है।
हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की टॉप 10 की मेरिट लिस्ट में ज्यादातर लड़कियां हैं। इंटरमीडिएट की टॉप-10 में 22 स्टूडेंट हैं, जिसमें से 14 लड़कियां हैं। यही हाल हाईस्कूल की मेरिट लिस्ट का भी है। रविवार को घोषित रिजल्ट में सेल्फ फाइनेंस इंटर कॉलेजों ने बाजी मारी है।
राजकीय और अनुदानित कॉलेजों के स्टूडेेंट को पछाड़ते हुए सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के स्टूडेंट ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। शिवाजी नगर इंटर कॉलेज केशव नगर के तमाम स्टूडेंट ने मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है। महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज उमरी और पटेल सरस्वती इंटर कॉलेज गांधी ग्राम के कई स्टूडेंट ने मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है।