प्रधान के पति ने बंधक बनाकर युवक को पीटा
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले के चकलवंशी में प्रधान के पति ने साथियों की मदद से एक युवक को बंधक बनाकर पीटा। दहशत फैलाने के लिए तमंचा भी लहराया। तमंचा लहराने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने आरोपी प्रधान के पति को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया।
पीड़ित युवक की तहरीर पर प्रधान के पति समेत 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। परेंदा गांव निवासी विशाल विमल ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहा है। उसका आरोप है कि ग्राम प्रधान के पति संजय सिंह ने इसी खुन्नस में गुरुवार को अपने दस साथियाें के साथ बीच रास्ते में कार लगाकर उसे रोक लिया।
जबरन कार में डालकर घर ले गए। वहां उसकी जमकर पिटाई की। दहशत फैलाने के लिए खुलेआम तमंचा लहराया। किसी ने प्रधान के पति के हाथ में तमंचे की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस पर पुलिस गांव पहुंची और आरोपी प्रधान के पति संजय सिंह को तमंचा समेत हिरासत में ले लिया।
संजय सिंह ने पुलिस को बताया कि वह प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है। बदनाम करने के लिए विशाल गलत तरीके से उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करता है। थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि विशाल की तहरीर पर संजय सिंह समेत 11 लोगाें पर बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी व एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। प्रधान के पति को एक तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।