प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कानपुर के जेके ग्रुप की जरीब चौकी स्थित जमीन पर 968 फ्लैट बनेंगे। केडीए वीसी ने समूह से जुड़े मार्निंग ग्लोरी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन को भेज दिया है।
चकरपुर मंडी के सामने भी 400 फ्लैटों के प्रोजेक्ट को जल्द मंजूरी मिल सकती है। प्रधानमंत्री आवास की भागीदारी में किफायती आवास योजना के अंतर्गत बिल्डरों की सहायता से सस्ते फ्लैटों का निर्माण किया जाना है।
केडीए ने पहले चरण में बिल्डरों के जरिए कम से कम एक हजार फ्लैट बनवाने की तैयारी की है। बीते दिनों मार्निंग ग्लोरी के संजीव दुबे ने केडीए वीसी को योजना के अंतर्गत जरीब चौकी के पास अपनी जमीन पर फ्लैट बनाने का प्रस्ताव दिया था।
केडीए वीसी के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि जेके रेयॉन की ओर से जरीब चौकी के पास स्थित मिल की जमीन पर 968 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव मिला था। इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसे शासन को भेज दिया गया है। बिल्डर दीपक अग्रहरि ने चकरपुर मंडी के सामने 400 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव दिया है। इस पर आगे की कार्यवाही जारी है।