इटावा। उमस भरी गर्मी के बीच गुरुवार दोपहर शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित रही। रामलीला रोड बिजलीघर और लाइनपार क्षेत्र में फॉल्ट के कारण एक से डेढ़ से दो घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को उमस और गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी।
रामलीला रोड बिजलीघर से जुड़े एकता कॉलोनी, न्यू एकता कॉलोनी और आसपास के करीब छह से अधिक मोहल्लों की बिजली दोपहर करीब एक बजे बंद हो गई। उपभोक्ताओं ने बिजली निगम को सूचना दी तो कर्मचारियों ने लाइन में फॉल्ट होने की जानकारी दी। करीब डेढ़ घंटे बाद दोपहर 2:30 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। उधर, लाइनपार क्षेत्र के भरथना चौराहा और अशोकनगर में भी फॉल्ट के कारण करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
वहीं सिविल लाइन के चौगुर्जी क्षेत्र में भी लगभग एक घंटे तक बिजली नहीं रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि बुधवार रात भी इसी क्षेत्र में फॉल्ट के कारण करीब एक घंटे तक बिजली गुल रही थी। बिजली निगम के एक्सईएन एचपी मिश्रा ने बताया कि गर्मी के कारण फॉल्ट की समस्या बढ़ जाती है, जानकारी होते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजकर आपूर्ति बहाल करा दी गई।