बरसात के चलते हरी सब्जियों के दामों में तेजी है लेकिन आलू के दाम में बढ़ोतरी चौकाने वाली है। थोक में आलू का भाव 8-10 रुपये किलो का आलू फुटकर में 25 रुपये किलो बिक रहा है। थोक और फुटकर के भावों में करीब तीन गुना का अंतर है। ये हाल तब है कि कोल्ड स्टोरेजों में आलू भरा पड़ा है। जानकारों का कहना है कि आलू में जमकर मुनाफाखोरी हो रही है।
इस बार आलू की फसल अच्छी हुई थी लेकिन पहले किसानों और बाद में कोल्ड स्टोरेज संचालकों ने आलू खराब होने की अफवाह फैलाई ताकि किसान महंगा आलू बेच सकें और कोल्ड स्टोरेज संचालक भी किराया और भाव बढ़ा लें। इसके चलते व्यापारियों ने बड़े पैमाने पर आलू खरीदा और कोल्ड स्टोरेजों में रखवा दिया। अब हालत ये है कि आलू के दाम जब बढ़ने चाहिए थे तब घटने लगे हैं। दरअसल फुटकर कारोबारियों ने दाम फिक्स कर रखे हैं। कई साल तक आलू शहर में 20 रुपये किलो तक बिकता रहा। अब 25 रुपये किलो में लगातार बिक रहा है। आलू की नई फसल अक्तूबर से आने लगती है। ऐसे में जुलाई, अगस्त और सितंबर तक ही पुराना आलू बिक सकेगा। व्यापारियों को उम्मीद थी की आलू के दाम चढ़ेंगे लेकिन वो लगातार कम हो रहे हैं। ऐसी स्थिति रही तो आलू फेंकना पड़ेगा।
गुजरात और पंजाब का आलू कर रहा नुकसान
कानपुर। दरअसल कानपुर व आस पास कन्नौज, बिल्हौर, फर्रुखाबाद, हरदोई बेल्ट का आलू बिकता है। लेकिन इस बार गुजरात और पंजाब का आलू भी खूब आया। पहले उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल को आलू की आपूर्ति की जाती थी तो डिमांड बढ़ जाती थी। अब इन दोनों राज्यों में गुजरात के आलू की खपत होने लगी है। ये भी एक बड़ा कारण है कि आलू की मांग कम हो गई, इसके चलते भी भाव कम हैं। जानकारों का कहना है कि आने वाले समय में आलू के दाम और घट सकते हैं। शहर में 77 कोल्ड स्टोरेज हैं। 50 किलो की आलू की बोरी पर कोल्ड स्टोर में 150 रुपये यानी तीन रुपये प्रति किलो का शुल्क लगता है।
थोक में आलू का भाव 8-10 रुपये व फुटकर में 25 रुपये किलो भाव में है। आलू के दाम तीन महीने पहले थोक में 15-16 रुपये किलो थे। दाम लगातार कम हो रहे हैं। आगे भी कमी का ही अनुमान है। मंडी से आलू न खरीदकर अब लोग सीधे कोल्ड स्टोरेजों से लेने लग गए हैं।
- सलमान ताज, आलू आढ़ती
आलू की फसल इस बार अच्छी हुई थी। किसान को पहले ठीक भाव मिला लेकिन फिर लोगों ने ज्यादा भाव मिलने के चलते भंडारण शुरू कर दिया। अब स्थिति यह है कि हाइब्रिड वाला आलू तो छह रुपये किलो में बिक रहा है। वहीं, अन्य आलू 8-10 रुपये किलो में हैं। फुटकर में आलू तीन गुना दाम पर बिक रहा है।
- अभिषेक द्विवेदी, किसान