फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्यमंत्री जी! अभी भी सीधे गंगा में जा रहा गंदा पानी

Sat, 19 Jan 2019 01:09 PM IST
shubham मनोज चौरसिया, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
डेमो पिक
विज्ञापन
मुख्यमंत्री जी, कुंभ शुरू हो चुका है फिर भी गंगा में नालों का गंदा पानी जाना बंद नहीं हुआ। छह महीने पहले कानपुर के नवाबगंज बनियापुरवा में बनकर तैयार हुए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को बिजली कनेक्शन ही नहीं मिला।
विज्ञापन

कनेक्शन के लिए शासन से अभी तीन करोड़ रुपये नहीं मिले हैं। इस वजह से नारामऊ, एनआरआई सिटी, कल्याणपुर, सिंहपुर सहित 10 से अधिक मोहल्लों का सीवेज व गंदा पानी सीधे गंगा में जा रहा है। इसके अलावा बिठूर से लेकर जाजमऊ तक के 16 और नाले सीधे गंगा में गिर रहे हैं। ऐसे में कुंभ में स्वच्छ गंगाजल आचमन का दावा फेल साबित हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुंभ से पहले गंगा में गिरने वाले सभी नालों को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया था। लेकिन कई नाले अभी भी गंगा को दूषित कर रहे हैं। कुछ नालों का गंदा पानी सीधे गंगा में गिरने से रोकने के लिए जेएनएनयूआरएम के तहत 1.5 करोड़ लीटर क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट बनियापुरवा मेें बनाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

डेमो पिक
जो अभी तक चालू नहीं हो सका। गुरुवार को शहर आए नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने इस पर नाराजगी जताई थी। उनके निर्देश पर शुक्रवार को गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई ने शासन को रिमाइंडर भेजकर बिजली कनेक्शन के लिए तीन करोड़ रुपये मांगे हैं। दो महीने पहले भी प्रस्ताव बनाकर रुपये की मांग की जा चुकी है।

इन मोहल्लों का सीवेज जा रहा है सीधे गंगा में
ख्यौरा, ज्यौरा, नारामऊ, मकड़ीखेड़ा, सीएसजेएमयू, बरसायतपुुर, एनआरआई सिटी, कल्याणपुर, केडीए ग्रीन्स, सिंहपुर आदि।

बनियापुरवा एसटीपी में केस्को ने कनेक्शन के लिए तीन करोड़ रुपये मांगें हैं। शुक्रवार को धन के लिए शासन को रिमाइंडर भेजा गया है। धन मिलते ही इस एसटीपी में गंदा पानी शोधित होने लगेगा। 
- घनश्याम द्विवेदी, परियोजना प्रबंधक, गंगा प्रदूूषण नियंत्रण इकाई

बिठूर से जाजमऊ तक 16 नाले गंगा में गिर रहे
बिठूर से लेकर जाजमऊ तक 16 नालों से रोज 5-6 करोड़ लीटर गंदा पानी गंगा में जा रहा है। डबका नाला, परमिया नाला, गुप्तार घाट नाला, ध्रुव टीला नाला, ब्रह्मावर्त घाट नाला, धुन्नी नाला, महाराज घाट नाला, रानीघाट नाला, पुलिस लाइन नाला, किला नाला, गोला घाट नाला, सत्तीचौरा नाला, मेस्कर घाट नाला और जाजमऊ में टीले के ऊपर बनीं बस्तियों का पानी गंगा में समा रहा है। शीतला बाजार नाले को रोकने की कवायद सफल नहीं हो पाई है। बंगाली घाट से बस्ती का पानी सीधे गंगा में जा रहा है। वाजिदपुर नाला भी पूरी तरह बंद नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें