कानपुर देहात। मतगणना के बाद दूसरे दिन भी प्रमाण पत्र के लिए कलक्ट्रेट स्थित रिटर्निंग आफीसर कक्ष के बाहर प्रत्याशी व समर्थक भीड़ लगाए रहे। मंगलवार शाम तक दो प्रत्याशियों का मामला लटका रहा। वहीं इस बीच भोगनीपुर विधायक पहुंच गए। इससे वहां मौजूद प्रत्याशियों व समर्थकों को धांधली कराने की आशंका हुई। विधायक पर धांधली कराने का आरोप लगाकर हंगामा किया गया। हालांकि विधायक वहां से चले गए। ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ।
माती स्थित कलक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्यों को प्रमाण पत्र रिटर्निंग आफीसर एडीएम वित्त एवं साहब लाल ने सौंपे। मंगलवार की शाम तक देवराहट व शाहजहांपुर से निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र नहीं मिले। इससे प्रत्याशी व समर्थकों में बेचैनी बनी रही। इस बीच शाम को भोगनीपुर विधायक विनोद कटियार आरओ कक्ष में पहुंचे तो बाहर प्रमाण पत्र के लिए इंतजार कर रहे सदस्यों व उनके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि विधायक धांधली कराने के प्रयास में चक्कर लगा रहे हैं। इसी वजह से प्रमाण पत्र नहीं दिए जा रहे हैं। आरओ कक्ष के बाहर विधायक व नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों के समर्थकों के बीच जमकर नोकझोंक हुई।
इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। इसके पहले भी सत्ताधारी दल के लोग मतगणना स्थल पर पहुंचे थे। तब भी विपक्षी दलों के लोगों ने गड़बड़ी कराए जाने की आशंका जताई थी। भोगनीपुर विधायक अकबरपुर, सरवनखेड़ा, मलासा आदि मतगणना केंद्रों में आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए काफिले के साथ पहुंचे थे। इसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ लेकिन इसमें किसी अफसर ने संज्ञान नहीं लिया।