दांदरपुर गांव के बाहर लेखपालों से जानकारी लेते एसडीएम।
- फोटो : दांदरपुर गांव के बाहर लेखपालों से जानकारी लेते एसडीएम।
इटावा। दांदरपुर गांव की घटना को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने गलत बताया है। इस मामले को लेकर सपा मोर्चा खोले हुए है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। वहीं, भाजपा नेता भी घटना को गलत मान रहे हैं, लेकिन वह जाति छिपाने की मंशा को भी गलत बता रहे हैं। भाजपा नेताओं के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-लोकसभा तक उठाएंगे आवाज : सांसद
सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने कहा कि दांदरपुर गांव की घटना निंदनीय है। यादव समाज के लोगों को बुलाकर भागवत शुरू कराई और रात में जाति पूछकर पीटा और सिर मुंड़वा दिया। इस तरह की घटना संविधान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों से मिलकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद कुछ लोग गिरफ्तार हुए हैं। अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि कार्रवाई में ढिलाई हुई, तो सपा मामला विधानसभा से लेकर लोकसभा तक उठाएगी। उन्होंने कहा कि भागवत को जाति जोड़ना गलत है।
दलित और पिछड़ों का अपमान करना गलत : भरथना विधायक
भरथना से सपा विधायक राघवेंद्र गौतम ने कहा कि दांदरपुर गांव की घटना दुखद है। यादव जाति होने पर भागवत पढ़ने वाले भगवताचार्य व उनके साथियों को पीटा गया। भागवत को जाति से जोड़ना गलत है। दलित और पिछड़ों का इस वजह से अपमान करना भी गलत है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी गांव वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पूजा-पाठ के नाम पर दलितों और पिछडों का शोषण न किया जाए। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो विधानसभा में मुद्दा उठाया जाएगा।
-
अखिलेश नकारात्मक, दांदरपुर की घटना गलत, जांच कराई जा रही : भाजपा
भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान ने कहा कि दांदरपुर गांव की घटना गलत है। इस तरह किसी भी कथा व्यास के साथ नहीं किया जाना चाहिए था। भगवताचार्य को भी अपनी जाति नहीं छिपानी चाहिए थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है। निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव नकारात्मक हो चुके हैं। उन्हें कुछ भी होने पर भाजपा ही गलत नजर आती है।